राष्ट्रपति मुर्मु ने लिस्बन में पुर्तगाल के समकक्ष मार्सेलाे रेबेलाे डी सूसा के साथ की द्विपक्षीय वार्ता दाेनाें देशाें के राजनयिक संबंधों की पुन:स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर जारी की गई डाक टिकट
नई दिल्ली, 7 अप्रैल . राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा के बीच सोमवार को द्विपक्षीय वार्ता हुई. इस दौरान दोनों देश संयुक्त राष्ट्र और अन्य बहुपक्षीय मंचों पर समन्वय और सहयोग को मजबूत करने पर सहमत हुए.
राष्ट्रपति मुर्मु और राष्ट्रपति डी सूसा ने आज संयुक्त रूप से राजनयिक संबंधों की पुन: स्थापना के 50 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में डाक टिकट जारी किए. इस डाक टिकट पर पारंपरिक भारतीय कालबेलिया (राजस्थान की जनजाति का लोक नृत्य) पोशाक और पुर्तगाल की वियाना पारंपरिक पोशाक प्रदर्शित है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि दोनों नेताओं ने व्यापार और वाणिज्य, संस्कृति, पर्यटन और जन संबंधों के क्षेत्र में सहयोग को अधिक मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की. उन्होंने आईटी, नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, स्टार्ट-अप, नवाचार और कुशल गतिशीलता सहित नए और आगामी क्षेत्रों में साझेदारी को बढ़ाने पर भी विचार किया.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने द्विपक्षीय वार्ता के बाद अपने समकक्ष के साथ संयुक्त पत्रकार वार्ता को भी संबोधित किया. इसमें राष्ट्रपति ने कहा कि पुर्तगाल के समकक्ष के साथ उनकी रचनात्मक और सार्थक चर्चा हुई है. हम संयुक्त राष्ट्र जैसे बहुपक्षीय प्लेटफार्मों पर एक-दूसरे का समर्थन करने पर सहमत हुए. मुर्मु ने भारत-पुर्तगाल संबंधों के 50 वर्ष पूरा होने के अवसर पर एक विशेष डाक टिकट जारी किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की.
पत्रकार सम्मेलन के दौरान पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा ने एक बार फिर अपने देश की ओर से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार और भारत को स्थाई सदस्यता देने के अपने समर्थन को दोहराया. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उथल-पुथल पर राष्ट्रपति डी सूसा ने अपना पक्ष रखा और इस दौरान भारत के महत्व को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार से समृद्धि और जलवायु परिवर्तन से लड़ने की आवश्यकता में विश्वास के सभी सिद्धांत इस समय संकट से गुजर रहे हैं. इन पर वही सवाल उठा रहे हैं, जिन्होंने इन सिद्धांतों और मूल्यों को तैयार किया था.
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इस समय पुर्तगाल और स्लोवाकिया की यात्रा पर हैं. राष्ट्रपति मुर्मु के आज पुर्तगाल पहुंचने पर लिस्बन में ऐतिहासिक ‘प्राका डो इम्पीरियो’ में राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा ने उनका स्वागत किया. उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया. राष्ट्रपति मुर्मु ने सांता मारिया के चर्च का दौरा किया और पुर्तगाल के राष्ट्रीय कवि लुइस वज़ डे कैमोज़ की कब्र पर पुष्पांजलि दी. उन्होंने पुर्तगाल में 16वीं शताब्दी की वास्तुकला की एक उत्कृष्ट कृति जेरोनिमोस के मठ का भी दौरा किया.
—————
/ अनूप शर्मा
You may also like
भारत के इन राज्यों में रहते है सबसे ज्यादा मुस्लिम, हिन्दू है बहुत कम ⁃⁃
चुनौतियों से भरी पहेलियाँ: क्या आप इनका सही उत्तर दे पाएंगे?
ऑपरेशन के वक्त डॉक्टर हरा लिबास आखिर क्यों पहनते है, जानिए क्या है इसके पीछे की वजह ⁃⁃
कुत्ते गाड़ी के टायर और खंबे पर ही पेशाब क्यों करते है, जानें यहाँ‟ ⁃⁃
Toll Tax : हाईवे पर अब नहीं देना होगा टोल टैक्स, वाहन चालकों को हुई मौज, देखें पूरी जानकारी ⁃⁃