मौसम विभाग की चेतावनी के बीच हिमाचल प्रदेश के शिमला व अन्य इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई है। शिमला में सुबह से ही रुक-रुक कर भारी बारिश जारी रही। इससे शहर में कई जगह सड़कें जलमग्न हो गईं। नालियां उफान पर रहीं। कई जगह सड़कों व पैदल रास्तों पर मलबा जमा हो गया है। भारी बारिश के साथ चली तेज हवाओं के कारण विद्यार्थियों, कर्मचारियों व अन्य लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। धर्मशाला में भी सुबह के समय तेज बारिश हुई और कुछ इलाकों में ओले गिरे।
उधर, प्रदेश की चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। लाहौल घाटी में ताजा बर्फबारी से खूबसूरती बढ़ गई है। रोहतांग दर्रे सहित कुंजम व बारालाचा में हिमपात हुआ है। जिससे घाटी के तापमान में काफी गिरावट आई है।
ऊना में आंधी के साथ बारिश, सोलन में तेज बारिश
ऊना जिले में गुरुवार देर रात अचानक मौसम बदल गया। इस दौरान जिले में कई जगह आंधी के साथ बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार सुबह से ही पूरे जिले में आंधी चल रही थी। सोलन जिले में सुबह करीब सात बजे से बारिश शुरू हो गई। इससे वातावरण में ठंडक घुल गई है। बारिश के कारण सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ी। अभिभावकों को सुबह बारिश में ही बच्चों को स्कूल छोड़ना पड़ा। हालांकि इससे किसानों और बागवानों को राहत मिली है। नकदी फसलों के लिए बारिश की जरूरत थी।
इतने दिनों तक जारी रहेगी बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 31 मई और एक जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के कुछ क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पांच जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान है। 30 मई से तीन जून तक प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। चार और पांच जून को प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। इसके बाद अगले 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। वहीं, अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी होने की संभावना है। इसके बाद अगले 4-5 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 3-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।